लंदन. विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी टीम इंडिया का हिस्सा रहें या ना रहें, उन पर बात किए बिना कोई चर्चा खत्म नहीं होती. टीम इंडिया के वेस्टइंडीज दौरे के बाद जिम्बाब्वे दौरे पर भी यही हो रहा है. हमने हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज डैरेन गॉफ (Darren Gough interview) का इंटरव्यू किया तो भी विराट, रोहित, बुमराह चर्चा का केंद्र रहे. टेस्ट और वनडे क्रिकेट में 450 से ज्यादा विकेट लेने वाले डैरेन गॉफ इन दिनों कामेंट्री बॉक्स का हिस्सा हो गए हैं. गॉफ से बातचीत के मुख्य अंश-
द हंड्रेड टूर्नामेंट ने क्रिकेट में क्रांति ला दी, खासकर इंग्लैंड में… आप क्या कहेंगे इस पर?
हां, हमारे यहां क्रिकेट का सिस्टम काफी अच्छा है. हमारे पास काउंटी क्रिकेट है, हमारे पास 20 क्रिकेट ओवरों में द ब्लास्ट है, हमारे पास रॉयल लंदन ट्रॉफी है जो 50 ओवर की है और अब हमारे पास ‘द हंड्रेड’ है जिसने खेल को तूफानी कर दिया. इस समय स्कूल में बहुत सारी छुट्टियां होती हैं, तो बहुत सारे स्कूली बच्चे मैच देखने आ सकते हैं और जैसा कि आप देख सकते हैं कि यह काफी रोमांचक भी है. इसलिए यह बहुत अच्छा रहा है.
क्या आप कभी सोचते हैं हैं कि भविष्य में इस तरह के टूर्नामेंट में भारतीय सुपरस्टार क्रिकेटर भी इसमें भाग लें?
किसी भी टूर्नामेंट में आप दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चाहते हैं. हम सभी जानते हैं कि भारत में कुछ शानदार प्रतिभाएं हैं, और इसी तरह पाकिस्तान और श्रीलंका भी हैं. यह एक वर्ल्ड स्पोर्ट है और आप चाहते हैं कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दुनिया भर में खेलें. मैं भारतीय खिलाड़ियों को यॉर्कशायर के साथ-साथ द ब्लास्ट या काउंटी चैंपियनशिप में खेलते देखना पसंद करूंगा जो कि एक सपना होगा. भारतीय और यॉर्कशायर कंपनी के बीच अच्छे संबध हुए हैं, इसलिए अगर हमें कुछ महान भारतीय खिलाड़ी यॉर्कशायर के लिए खेलने को मिलते हैं तो ये शानदार होगा और क्यों नहीं हम उन्हें द हंड्रेड में भी खेलते हुए देख सकते हैं.
मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह पर अपने विचार बताएं. क्योंकि आप खुद उस तरह के गेंदबाज रहे हैं.
बुमराह दुनिया के ऑल-फॉर्मेट बेस्ट बॉलर (Jasprit Bumrah is best) हैं. कोई फर्क नहीं पड़ता कि टूर्नामेंट कौन सा है. द हंड्रेड हो, टी20 हो, 50 ओवर का खेल हो, या टेस्ट मैच हो, वो हर फॉर्मेट में खुद को ढाल सकते हैं. शमी भी एक शानदार परफॉर्मर हैं जो नई गेंद को स्विंग कराते हैं, और पुरानी गेंद से बहुत ही होशियारी सें गेंदबाज़ी करते हैं. तो हां, भारत को एक लाइन-अप मिल गया है जहां वे अब दुनिया में कहीं भी जा सकते हैं और प्रदर्शन कर सकते हैं और विपक्षी का मुकाबला कर सकते हैं. ऐसा हमेशा नहीं था क्योंकि पहले भारतीय टीम अपने घर में वास्तव में मजबूत थी और विदेश में औसत, लेकिन अब उन्हें बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए एक उचित लाइन अप मिल गई है.
एक भारतीय बल्लेबाज जिसके खिलाफ डैरेन गॉफ गेंदबाजी करना चाहेंगे?
रोहित शर्मा काफी खास हैं. मुझे लगता है कि वह एक शानदार क्रिकेटर हैं. मुझे पता है कि विराट कोहली के लिए मुश्किल समय चल रहा है, लेकिन जब मैंने पहली बार विराट कोहली (Virat Kohli) को देखा, तो मैंने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शतक बनाते देखा और मुझे लगा कि यह बच्चा बिल्कुल अविश्वसनीय खिलाड़ी है और भले ही उसके बल्ले से रन न निकल रहे हों फिर भी उसे बल्लेबाज़ी करते देखना बहुत अच्छा लगता है. मैं भाग्यशाली था कि सचिन के साथ खेला, जो 17 साल की उम्र में यॉर्कशायर के लिए खेले थे और वह एक प्रतिभा के धनी खिलाड़ी थे, विराट कोहली भी उसी किस्म के बल्लेबाज़ हैं.
जैसे की आपने विराट कोहली के बारे में बात की, क्या आप हैरान हैं कि भारतीय क्रिकेट में उनके फॉर्म पर बहस चल रही है. आपके क्या विचार हैं?
मैं कहूंगा कि वह सभी फॉर्मेट में एक महान खिलाड़ी हैं. हर खिलाड़ी एक ऐसे स्पेल से गुजर सकता है जहां उससे उतने रन नहीं मिलते जितने वह चाहते हैं. लेकिन क्लास हमेशा ऊपर उठती है और विराट कोहली वापस आएंगे और पहले से कहीं ज्यादा मजबूत होंगे. मैं केवल उन लोगों को याद कर सकता हूं जो कुछ समय पहले तक जो रूट के बारे में कह रहे थे कि उन्होंने पर्याप्त शतक नहीं बनाए, यह हास्यास्पद है. मुझे लगता है कि एक बार विराट ने शतक बनाना फिर से शुरु किया तो वो रुकने वाले नहीं.
क्या आपको लगता है कि भारत को रोहित शर्मा के रूप में एक ऐसा कप्तान मिल गया है जो टी20 फॉर्मेट को डिकोड कर सकता है?
नहीं, मुझे लगता है कि भारत के पास कई लीडर हैं, मुझे लगता है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) एक शानदार क्रिकेटर हैं और दुनिया भर में उनका सम्मान किया जाता है और वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन आपने हार्दिक पांड्या को भी देखा है, उनके पास महान नेतृत्व कौशल है, हार्दिक ने आईपीएल में अच्छा किया और मैंने उसे पिछले कुछ हफ्तों से फॉलो किया, वो अब भारत के लिए काफी अच्छा कर रहे हैं, इसलिए टीम इंडिया के पास बहुत सारे लोग हैं जो कप्तानी के लिए फिट हैं और अच्छा कर सकते हैं, इस समय रोहित शर्मा कप्तानी के लिए एकदम सही खिलाड़ी हैं, लेकिन बहुत सारे खिलाड़ी लाइन में हैं जो चाहते हैं कि उनके देश की कप्तानी करने का सपना सच हो जाए.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
FIRST PUBLISHED : August 17, 2022, 09:45 IST
