नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने हाल ही में भारत के बल्लेबाजी स्टार सूर्यकुमार यादव की तारीफ की, जो आईसीसी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाजों की सूची में बाबर आजम के बाद दूसरे स्थान पर हैं. पोंटिंग ने एशिया कप और टी20 विश्व कप के लिए भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम में प्लेइंग इलेवन में सूर्यकुमार की आदर्श बल्लेबाजी स्थिति पर चर्चा करते हुए बल्लेबाज की तुलना एबी डिविलियर्स से की. हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान बट को पोंटिंग की यह टिप्पणी अच्छी नहीं लगी. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को उनके इस तुलनात्मक बयान के लिए ट्रोल किया है.
आईसीसी रिव्यू पर बोलते हुए रिकी पोंटिंग ने टी 20 क्रिकेट में बल्ले से सूर्यकुमार की तकनीकी क्षमताओं की सराहना की और दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज डिविलियर्स के साथ उनकी 360-डिग्री बल्लेबाजी शैली की तुलना की. उन्होंने कहा, ”सूर्या (सूर्यकुमार यादव) मैदान के चारों ओर 360 डिग्री पर शॉट्स जड़ते हैं. थोड़ा एबी डिविलियर्स की तरह जब वह अपने वास्तविक रंग में थे. लैप शॉट्स, लेट कट्स, कीपर के सिर पर… सब तरह के शॉट्स मैदान में चारों तरफ.”
शाहबाज अहमद: हरियाणा में जन्म, बंगाल के लिए खेले और अब मिली टीम इंडिया में जगह
सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए पोंटिंग का डिविलियर्स के साथ भारत के बल्लेबाज की तुलना करने पर मजाक बनाया है. बट का मानना है कि विश्व क्रिकेट ने कभी भी डिविलियर्स की क्षमता का बल्लेबाज नहीं देखा. उन्होंने महसूस किया कि इस पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर को यह तुलना करने से पहले सूर्यकुमार को बड़े टूर्नामेंट में अपनी योग्यता साबित करने के लिए इंतजार करना चाहिए था.
राहुल को टेस्ट कप्तानी की दौड़ में पछाड़ सकते हैं ऋषभ पंत: आकाश चोपड़ा
बट ने कहा, ”यहां तक कि सूर्यकुमर को भी एहसास होगा कि तुलना कुछ ज्यादा ही थी. सूर्यकुमार ने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया है. वह प्रतिभाशाली हैं और उन्होंने कुछ बहुत अच्छी पारियां खेली हैं, लेकिन सीधे एबी डिविलियर्स के पास? पोंटिंग को थोड़ा और इंतजार करना चाहिए था. सूर्यकुमार को अभी बड़े टूर्नामेंट में खेलना है. सच तो यह है कि डिविलियर्स जैसा क्रिकेट कभी किसी ने नहीं खेला. आप शायद उनकी तुलना विव रिचर्ड्स से कर सकते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, ”मुझे नहीं लगता कि इस तरह के किसी खिलाड़ी ने हाल के वर्षों में बल्ला भी उठाया है. प्रभाव उस स्तर का होना चाहिए कि विपक्ष को पता हो कि यदि आप उसे आउट नहीं कर सकते हैं तो आप मैच नहीं जीत सकते हैं या कोई ऐसा व्यक्ति जो किसी खेल में अविश्वसनीय बदलाव करने का कौशल रखता है. रूट, विलियमसन, कोहली भी हैं, जो दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे हैं और उन्होंने अविश्वसनीय शतक बनाए हैं, रोहित शर्मा भी. लेकिन आप इन सभी नामों को छोड़ दें और सीधे डिविलियर्स के पास जाएं… हो सकता है कि पोंटिंग को जेट लैग का सामना करना पड़ा हो.”
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: AB De Villiers, Cricket news, Ricky ponting, Salman butt, Suryakumar Yadav
FIRST PUBLISHED : August 16, 2022, 20:01 IST
