हाइलाइट्स
एशिया कप-2022 में विराट कोहली से फैंस को काफी उम्मीदें
करीब 3 साल से कोई शतक नहीं लगा पाए हैं विराट कोहली
विराट ने कहा कि वह अपने खेल का स्तर जानते हैं
नई दिल्ली. धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली अपने करियर में कभी इतने लंबे समय तक खराब फॉर्म में नहीं रहे. विराट का मानना है कि अगर उनके पास प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझने की क्षमता नहीं होती तो वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतना लंबा सफर तय नहीं कर पाते. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने करीब 3 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई शतक नहीं लगाया है लेकिन उन्हें लगता है कि सुधार की बहुत अधिक गुंजाइश नहीं है.
इसका कारण यह है कि विराट कोहली में 2014 के इंग्लैंड दौरे की तरह कोई तकनीकी खामी नहीं दिख रही है जबकि वह ऑफ स्टंप से बाहर की गेंदों पर कैच दे रहे थे. 33 वर्षीय विराट ने स्टार स्पोर्ट्स के शो में कहा, ‘मैं जानता हूं कि मेरा खेल किस स्तर पर है और आप विपरीत परिस्थितियों का मुकाबला और अलग-अलग तरह की गेंदबाजी का सामना करने की क्षमता के बिना अंतरराष्ट्रीय करियर इतना लंबा नहीं खींच सकते. इसलिए यह मेरे लिए प्रक्रिया का आसान चरण है लेकिन मैं इसका खुद पर दबाव नहीं बनाना चाहता हूं.’
इसे भी देखें, एशिया कप T20Is में शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं बाबर, विराट नहीं लगा सके एक भी छक्का
इसके बाद उन्होंने 2014 के इंग्लैंड दौरे में आउट होने के तरीकों पर बात की और तकनीकी खामियों में सुधार के बाद 2018 के दौरे में लगभग 600 रन बनाए. कोहली ने कहा, ‘इंग्लैंड में मैं एक तरह से ही आउट हो रहा था. वह ऐसा था जिस पर मैं काम कर सकता था और जिससे मुझे बाहर निकलना था. अभी ऐसी कोई बात नहीं है जिसे आप कह सको कि समस्या यहां हो रही है.’
कोहली हाल में हर तरीके से आउट हुए. उन्होंने उठती गेंदों, फुल लेंथ, स्विंग, कटर, ऑफ स्पिन, लेग स्पिन और बाएं हाथ से की गई स्पिन गेंदों पर अपने विकेट गंवाए. कोहली को लगता है कि अगर आपका आउट होने का तरीका एक जैसा नहीं है तो अच्छी बात होती है. उन्होंने कहा, ‘इसलिए यह असल में मेरे लिए आसान चीज है. मैं जानता हूं कि मैं अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं. जब मैं उस लय को वापस महसूस करना शुरू करता हूं, तो मुझे पता है कि अच्छी बल्लेबाजी कर रहा हूं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह इंग्लैंड के 2014 के दौरे की तरह की स्थिति नहीं है जब मुझे लग रहा था कि मैं अच्छी बल्लेबाजी नहीं कर रहा हूं. इसलिए मैंने एक चीज पर कड़ी मेहनत की जो मेरी कमजोरी थी और मैं उससे बाहर निकलने में सफल रहा था. अब ऐसा कोई मुद्दा नहीं है.’
कोहली अब एशिया कप के लिए तैयार हैं और वे जानते हैं कि उन्हें इन उतार-चढ़ाव से भी मुकाबला करना होगा जो कि एक खिलाड़ी के जीवन का हिस्सा होते हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं जानता हूं कि उतार-चढ़ाव आते हैं, और जब मैं इस चरण से बाहर आता हूं, तो मुझे पता होता है कि मैं अपने खेल में कितनी निरंतरता रख सकता हूं. मेरे अनुभव मेरे लिए अमूल्य हैं.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Asia cup, Indian cricket, Virat Kohli, Virat Kohli Record
FIRST PUBLISHED : August 24, 2022, 19:04 IST
