हाइलाइट्स
सचिन तेंदुलकर ने आज ही के दिन 1990 में पहला टेस्ट शतक जड़ा था
उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में 119 रन की पारी खेली थी
सचिन की पारी की बदौलत भारत टेस्ट ड्रॉ कराने में सफल रहा था
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट और सचिन तेंदुलकर के लिए आज का दिन यानी 14 अगस्त बेहद खास है. आज ही के दिन साल 1990 में सचिन ने पहला टेस्ट शतक लगाया था. यह इंटरनेशनल क्रिकेट में भी मास्टर ब्लास्टर की पहली सेंचुरी भी थी. उन्होंने यह कारनामा इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में किया था. सचिन ने अपना पहला टेस्ट शतक 17 साल 112 दिन की उम्र में जड़ा था. वो ऐसा करने वाले दुनिया के तीसरे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे. इसके बाद से तो सचिन ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक-एक कर वो सफलता की सीढ़ी चढ़ते गए. सचिन का पहला टेस्ट शतक इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने नाबाद 119 रन की पारी खेलकर भारत पर से हार के खतरे को टाला था.
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम 1990 में इंग्लैंड दौरे पर गई थी. टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर था. इस टेस्ट में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्राहम गूच, (116) माइकल आर्थटन (131) और रॉबिन स्मिथ (121) की सेंचुरी की बदौलत 519 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के 179 और संजय मांजरेकर की 93 रन की पारी के दम पर भारत ने भी अपनी पहली पारी में 432 रन बनाए. सचिन ने भी पहली पारी में 68 रन बनाए.
सचिन ने शतक ठोक मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ कराया
इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 320/4 के स्कोर पर घोषित कर दी थी. एलन लैंब ने 109 रन बनाए थे. भारत के सामने 408 रन का लक्ष्य था. मैच की चौथी पारी में इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करना वैसे भी आसान नहीं रहता है. भारत के साथ भी ऐसा ही हुआ. नियमित अंतराल पर विकेट गिरते चले गए.
Asia Cup: रोहित शर्मा के पास सचिन को पीछे छोड़ने का मौका, कोहली भी बड़े मुकाम की ओर
एक समय 183 रन के स्कोर पर भारत के 6 विकेट गिर चुके थे. लग रहा था कि भारत यह टेस्ट बड़े अंतर से हार जाएगा. लेकिन पहली पारी में अर्धशतक ठोकने वाले सचिन अंगद की तरह जम गए और मनोज प्रभाकर के साथ मिलकर उन्होंने करीब ढाई घंटे बल्लेबाजी की और भारत पर मंडरा रहे हार के संकट को टाल दिया. सचिन ने नाबाद 119 रन बनाए और मैच ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाई. 3 मैच की इस टेस्ट सीरीज में सचिन ने 61 से अधिक की औसत से कुल 245 रन बनाए थे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: India Vs England, On This Day, Sachin tendulkar
FIRST PUBLISHED : August 14, 2022, 07:12 IST
