हाइलाइट्स
एशिया कप की शुरुआत 27 अगस्त से यूएई में होगी
भारत का पहला मैच पाकिस्तान से 28 अगस्त को होगा
टीम इंडिया को एनसीए में फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा
नई दिल्ली. एशिया कप 27 अगस्त से यूएई में होने जा रहा है. टीम इंडिया का पहला ही मुकाबला पाकिस्तान से 28 अगस्त को होगा. इस टूर्नामेंट के लिए रोहित शर्मा की अगुआई में भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है. एशिया कप के लिए रवाना होने से पहले बैंगलुरू की नेशनल क्रिकेट एकेडमी में टीम इंडिया का फिटनेस कैंप लगेगा. भारतीय टीम यूएई की कंडीशंस के हिसाब से खुद को ढालने के लिए एक हफ्ते पहले ही वहां डेरा डाल लेगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया 20 अगस्त को ही यूएई के लिए रवाना हो जाएगी और फिर वहां कैंप लगाकर तैयारियों को अंजाम देगी. हालांकि, यूएई के लिए निकलने से पहले कप्तान रोहित समेत सभी खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा.
इनसाइडस्पोर्ट की रिपोर्ट में बीसीसीआई अधिकारी ने बताया, ‘टीम इंडिया 18 अगस्त को नेशनल क्रिकेट एकेडमी, बेंगलुरू में जमा होगी. यहां खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट होगा. प्रोटोकॉल के तहत लंबे ब्रेक के बाद खिलाड़ियों को इस तरह के फिटनेस टेस्ट देना अनिवार्य होता है. भारतीय टीम 20 अगस्त को दुबई के लिए रवाना होगी और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम का 3 दिन का एक कैंप दुबई में लगेगा. ताकि खिलाड़ी दुबई की कंडीशंस के हिसाब से खुद को ढाल सकें.’
दीपक-आवेश सीधा यूएई पहुंचेंगे
इस बीच, दीपक हुडा और आवेश खान जो जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टीम का भी हिस्सा हैं, वो 22 अगस्त को वनडे सीरीज खत्म होने के बाद सीधे दुबई पहुंचेंगे. इन दोनों खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट से नहीं गुजरना होगा और यह दोनों खिलाड़ी 23 अगस्त को दुबई में भारतीय स्क्वॉड से जुड़ जाएंगे. दीपक चाहर भी स्टैंड बाय खिलाड़ी के तौर पर एशिया कप के लिए जाएंगे.
IND vs ZIM: केएल राहुल हुए फिट, जिम्बाब्वे दौरे पर मिली टीम इंडिया की कमान
‘आपको क्या लगता है, मैं बूढ़ा हो गया हूं?’ बाबर आजम ने पत्रकार से ही पूछ लिया सवाल
भारत एशिया कप का डिफेंडिंग चैम्पियन है
टीम इंडिया एशिया कप की डिफेंडिंग चैम्पियन है. 2018 में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में एशिया कप जीता था. अब एक बार फिर उन्हीं की अगुआई में भारतीय टीम अपने खिताब को बचाने के इरादे से उतरेगी. एशिया कप के बाद टी20 विश्व कप होना है. ऐसे में उसकी तैयारियों के लिहाज से यह टूर्नामेंट अहम है. इसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ी वर्ल्ड कप का टिकट पक्का करेंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Asia cup, India Vs Pakistan, Rohit sharma, Team india
FIRST PUBLISHED : August 12, 2022, 07:04 IST
