Skip to content

Asia cup 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया का बढ़ा टेंशन, 19 साल का गेंदबाज कर सकता है खेल खराब

Asia cup 2022: पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले टीम इंडिया का बढ़ा टेंशन, 19 साल का गेंदबाज कर सकता है खेल खराब


हाइलाइट्स

पाकिस्तान ने नीदरलैंड को वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया
19 साल के नसीम शाह ने तीसरे वनडे में पाक 5 विकेट झटके
भारत के खिलाफ एशिया कप के मुकाबले में बड़ा खतरा बन सकते हैं

नई दिल्ली. एशिया कप के क्वालिफायर मुकाबले शुरू हो चुके हैं. चार टीमों के बीच मेन ड्रॉ में जगह बनाने के लिए जोर आजमाइश हो रही है. हालांकि, सबको इंतजार 28 अगस्त को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई वोल्टेज मुकाबले का है. इस मैच से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी घुटने की चोट के कारण एशिया कप से ही बाहर हो गए हैं. अफरीदी के चोटिल होने से भले ही टीम इंडिया ने राहत की सांस ली होगी. लेकिन, इस एक गेंदबाज की गैरमौजूदगी से भारत की परेशानी कम हो जाएगी, ऐसा लगता नहीं है, क्योंकि पाकिस्तान के पास तेज गेंदबाजों की भरमार है, जो एशिया कप के मुकाबले में टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा सकते हैं. ऐसे ही एक गेंदबाज हैं 19 साल के नसीम शाह.

नसीम शाह पाकिस्तान टीम के साथ नीदरलैंड दौरे पर गए हैं और उन्होंने इसी सीरीज में ही अपना वनडे डेब्यू किया है. लेकिन, 3 मैच में ही इस गेंदबाज ने अपनी काबिलियत साबित कर दी. नसीम ने नीदरलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में कमाल की गेंदबाजी की.

इस मैच में पाकिस्तान की टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा था. मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन ही बनाए थे. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय नीदरलैंड की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 172 रन बना लिए थे. उसे आखिरी 30 गेंद में 35 रन की दरकार थी और टॉम कूपर 61 रन बनाकर खेल रहे थे. लेकिन, उनके आउट होते ही नसीम शाह ने नीदरलैंड पर शिकंजा कस दिया और 49वें ओवर में 4 गेंद के अंदर 2 विकेट लेकर नीदरलैंड की पारी को 197 रन पर ही समेट दिया. इस तरह नीदरलैंड की टीम 9 रन से मैच हार गई और पाकिस्तान ने तीसरा और आखिरी वनडे जीत लिया और सीरीज में नीदरलैंड का क्लीन स्वीप कर दिया.

Asia Cup 2022: पाकिस्तान को नहीं खलेगी शाहीन अफरीदी की कमी, 3 गेंदबाज जगह लेने को तैयार

नसीम ने नीदरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 5 विकेट लिए

नसीम ने तीसरे वनडे में 10 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट झटके. यह उनके करियर का बेस्ट प्रदर्शन है. 19 साल के इस पेसर ने तीसरे वनडे में कितनी असरदार गेंदबाजी की, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि उन्होंने 39 डॉट गेंद फेंकी और नीदरलैंड के बल्लेबाज उनकी गेंद पर सिर्फ 1 ही चौका लगा पाए. नसीम ने सीरीज के पहले और दूसरे वनडे में भी शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने अपने डेब्यू वनडे में 51 रन देकर 3 विकेट झटके थे जबकि दूसरे मुकाबले में वो 2 विकेट लेने में सफल रहे थे. यानी तीन मैच की वनडे सीरीज में इस गेंदबाज ने कुल 10 विकेट हासिल किए. वो इस सीरीज में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे.

ऐसे में शाहीन शाह अफरीदी भले ही एशिया कप से बाहर हो चुके हैं. लेकिन, नसीम शाह इस वक्त जिस तरह के फॉर्म में हैं, वो टीम इंडिया की परेशानी बढ़ा सकते हैं.

Tags: Asia cup, Babar Azam, India Vs Pakistan, Pakistan, Rohit sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *