Skip to content

IND vs ZIM: आकाश चोपड़ा ने पहले वनडे के लिए चुनी अपनी प्लेइंग-XI, ईशान किशन को नहीं दी जगह

IND vs ZIM: आकाश चोपड़ा ने पहले वनडे के लिए चुनी अपनी प्लेइंग-XI, ईशान किशन को नहीं दी जगह


हाइलाइट्स

भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज, 18 अगस्त को पहला मुकाबला
फिट होकर वापसी करने वाले केएल राहुल संभालेंगे टीम इंडिया की कमान
शिखर धवन को पहले कप्तान चुना गया था, अब ओपनिंग की जिम्मेदारी

नई दिल्ली. भारतीय टीम जिम्बाब्वे के अपने दौरे (India tour of Zimbabwe) की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. 3 मैचों की सीरीज का पहला वनडे मैच 18 अगस्त, गुरुवार को खेला जाएगा. तीनों मैच हरारे में आयोजित होने हैं. इससे पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने सीरीज के पहले वनडे के लिए अपनी प्लेइंग-XI चुनी है. उन्होंने इसमें युवा ओपनर ईशान किशन को जगह नहीं दी.

भारतीय चयनकर्ताओं ने शुरुआत में 15 सदस्यीय टीम को चुना, जिसकी कप्तानी शिखर धवन को दी गई. बाद में केएल राहुल के फिट होने के चलते उन्हें टीम में शामिल किया गया और कप्तानी भी सौंपी गई. आकाश चोपड़ा का मानना ​​​​है कि 2 शानदार सलामी बल्लेबाजों- केएल राहुल और शिखर धवन के चलते शुभमन गिल को शुरुआती स्लॉट में मौका नहीं मिल पाएगा.

इसे भी देखें, ईशान किशन ने हरारे में पटना से आए फैन से की बात, VIDEO छू लेगा दिल

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में भारत के संभावित लाइनअप पर बात की. उन्होंने कहा, ‘शुभमन गिल, मुझे लगता है कि यह एक बड़ा सवाल है. यह देखते हुए कि उन्होने वेस्टइंडीज के खिलाफ कितना अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन गिल इस मैच में बतौर ओपनर नहीं खेल पाएंगे. केएल राहुल की कप्तानी में वापसी को देखते हुए मुझे लगता है कि वह ओपनिंग भी करेंगे. उनके साथ शिखर धवन होंगे. यह बाएं और दाएं हाथ का संयोजन होगा.’

शिखर धवन ने कप्तानी करते हुए टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 3-0 से जीत दिलाई. सीरीज में कई सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था. चोपड़ा ने आगे कहा, ‘केएल राहुल बहुमुखी खिलाड़ी हैं, वह किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं लेकिन सच्चाई यह भी है कि उन्होंने आईपीएल के बाद से कोई मैच नहीं खेला है. इसलिए उन्हें कुछ वक्त की जरूरत है. अगर वह ओपनर के रूप में खेलते हैं तो शुभमन गिल नंबर 3 पर खेलेंगे.’

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शुभमन गिल ने 3 मैचों में ओपनिंग करते हुए 205 रन बनाए. सीरीज का अंतिम मैच बारिश से प्रभावित रहा. तब गिल अपने पहले अंतरराष्ट्रीय शतक तक पहुंचने से सिर्फ 2 रन कम रह गए. चोपड़ा ने साथ ही कहा कि राहुल त्रिपाठी को डेब्यू कैप मिल सकती है.

पहले वनडे के लिए आकाश चोपड़ा की संभावित एकादश: केएल राहुल (कप्तान), शिखर धवन, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक हुडा, राहुल त्रिपाठी, अक्षर पटेल, दीपक चाहर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

Tags: Aakash Chopra, Hindi Cricket News, India vs Zimbabwe, Ishan kishan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *