नई दिल्ली. टीम इंडिया (Team India) को जिम्बाब्वे में 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. सीरीज के लिए टीम वहां पहुंच भी गई है. कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) सीरीज से वापसी कर रहे हैं. वे आईपीएल 2022 के बाद से ही टीम से बाहर चल रहे थे. इस बीच टीम इंडिया को झटका लगा है. कंधे की चोट के कारण ऑफ स्पिनर और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर (Washington sundar) का वनडे सीरीज में खेलना मुश्किल है. वे अभी इंग्लैंड में लंकाशायर की ओर से खेल रहे हैं और वहीं एक मुकाबले के दौरान चोटिल हुए. वे इस साल पहले भी चोट के कारण इंटरनेशनल मुकाबलों से बाहर हो चुके हैं.
क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ओल्डट्रेफर्ड में वूस्टररशायर के खिलाफ रॉयल लंदन कप मैच के दाैरान वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए थे और उन्हें मैदान से वापस जाना पड़ा था. वाशिंगटन को पहले लंकाशायर के लिए रविवार को मैच खेलना था और फिर टीम इंडिया के साथ जुड़ना था. इससे पहले वे फरवरी में हैमस्ट्रिंग के कारण टीम से बाहर हो गए थे. इस कारण वे वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में नहीं खेल सके थे.
आईपीएल में नहीं खेल सके पूरे मैच
वॉशिंगटन सुंदर आईपीएल 2022 के दौरान भी पूरे मुकाबले नहीं खेल सके थे. सनराइजर्स हैदराबाद टीम में शामिल सुंदर ने 9 मैच में 101 रन बनाए थे और 6 विकेट झटके थे. इससे पहले जनवरी 2022 में कोरोना पॉजिटिव होने के कारण वे साउथ अफ्रीका नहीं जा सके थे. इसके अलावा वे टी20 सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में भी नहीं उतर सके थे. जिम्बाब्वे दौरे पर कोच राहुल द्रविड़ नहीं गए हैं. एनसीए के हेड और पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण को इसकी जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले वे युवा टीम के साथ आयरलैंड के दौरे पर भी गए थे.
22 साल के वाॅशिंगटन सुंदर ने टीम इंडिया की ओर से 4 टेस्ट खेले हैं. इस ऑफ स्पिनर ने 6 विकेट लेने के अलावा 3 अर्धशतक के सहारे 265 रन भी बनाए हैं. औसत 66 का है. उन्होंने 4 वनडे में 5 और 31 टी20 इंटरनेशनल में 25 विकेट अपने नाम किए हैं. वे ओवरऑल टी20 के 107 मैच में 80 विकेट ले चुके हैं. 10 रन देकर 3 विकेट बेस्ट प्रदर्शन है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: India vs Zimbabwe, KL Rahul, Team india, Washington Sundar, Zimbabwe
FIRST PUBLISHED : August 14, 2022, 06:22 IST
