हाइलाइट्स
भारत ने जिम्बाब्वे को पहले वनडे में 10 विकेट से हराया, 3 मैचों की सीरीज में बनाई बढ़त
शिखर धवन और शुभमन गिल ने 192 रन की अविजित ओपनिंग साझेदारी की
पेसर दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा और स्पिनर अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट लिए
नई दिल्ली. गेंदबाजों के कमाल के प्रदर्शन के बाद ओपनर शिखर धवन और शुभमन गिल की नाबाद शतकीय साझेदारी की बदौलत भारत ने जिम्बाब्वे को पहले वनडे (IND vs ZIM 1st ODI) में 10 विकेट से हरा दिया. हरारे में गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे की पारी 40.3 ओवर में 189 रन पर समेट दी. इसके बाद भारतीय टीम ने लक्ष्य को आसानी से 30.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोकर हासिल कर लिया. शिखर धवन ने 81 और शुभमन गिल ने 82 रन का योगदान दिया और दोनों नाबाद लौटे. वहीं, पेसर दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट झटके.
190 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की और मेजबान टीम के गेंदबाज कोई विकेट नहीं ले सके. धुरंधर ओपनर शिखर धवन ने 113 गेंदों पर 81 रन की अपनी नाबाद पारी में 9 चौके जड़े. वहीं, शुभमन गिल ने 72 गेंदों पर 10 चौके और 1 छक्का लगाते हुए नाबाद 82 रन का योगदान दिया. दोनों ने 192 रन की अविजित ओपनिंग साझेदारी की.
यहां क्लिक कर देखें, इस मैच का पूरा स्कोरकार्ड
इससे पहले पेसर दीपक चाहर की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने जिम्बाब्वे की पारी 189 रन पर समेट दी. चोटिल होने के कारण करीब 6 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे दीपक चाहर ने 27 रन देकर 3 विकेट चटकाते हुए मेजबान टीम के शीर्ष क्रम को ध्वस्त किया. अक्षर पटेल (24 रन पर 3 विकेट) और प्रसिद्ध कृष्णा (50 रन पर 3 विकेट) ने भी कमाल दिखाया.
जिम्बाब्वे ने 110 रन पर 8 विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद रिचर्ड एनगारवा (34) और ब्रेड इवान्स (नाबाद 33) ने 9वें विकेट के लिए 70 रन जोड़े. कप्तान रेगिस चकाब्वा 35 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके लगाए. कोविड-19 और स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के कारण लगभग 3 महीने बाद लोकेश राहुल ने वापसी की और कप्तान की जिम्मेदारी भी संभाली.
जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 11वें ओवर में 31 रन तक ही 4 विकेट गंवा दिए. दीपक चाहर और सिराज ने कुछ दिशाहीन गेंदों के अलावा अन्य गेंदों पर बल्लेबाजों को काफी परेशान किया. अंतत: छठे ओवर में इनोसेंट केइया (20 गेंद में 4 रन) का धैर्य जवाब दे गया और वह चाहर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच दे बैठे.
चाहर के अगले ओवर में दूसरे ओपनर तादिवनाशे मरुमानी (8) ने भी सैमसन को कैच थमाया. सिराज ने अनुभवी सीन विलियम्स (1) को पहली स्लिप में शिखर धवन के हाथों कैच कराया जबकि चाहर ने वेस्ली माधेवेरे (5) को lbw करके जिम्बाब्वे को चौथा झटका दिया. भारतीय गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि जिम्बाब्वे के बल्लेबाज शुरुआती 10 ओवर में सिर्फ एक चौका जड़ पाए जो मरुमानी के बल्ले से निकला.
इसे भी देखें, ‘ऐसा लगा मैदान से दूर ही नहीं थे…’ दीपक चाहर की शानदार वापसी देख गदगद हुए फैंस
चकाब्वा और सिकंदर रजा (12) की अनुभवी जोड़ी ने पारी को संभालने की कोशिश की. चकाब्वा ने सिराज पर लगातार 2 चौके मारे जबकि रजा ने चाहर पर चौके के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया. प्रसिद्ध कृष्णा ने रजा को पहली स्लिप में धवन के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा और फिर रेयान बर्ल (11) की पारी का भी अंत किया.
ल्यूक जोंगवे (13) ने प्रसिद्ध कृष्णा पर 2 चौके के साथ 26वें ओवर में टीम की सेंचुरी पूरी की. अक्षर पटेल ने अगले ओवर में चकाब्वा को बोल्ड करके जिम्बाब्वे को बड़ा झटका दिया और फिर अपने अगले ओवर में जोंगवे को पगबाधा करके जिम्बाब्वे का स्कोर आठ विकेट पर 110 रन किया. इवान्स और एनगारवा ने इसके बाद पारी को संवारा. दोनों ने अक्षर पर चौके मारे जबकि इवान्स ने 36वें ओवर में कुलदीप यादव पर छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.
एनगारवा ने भी कृष्णा पर चौका और अक्षर पर छक्का मारा. कृष्णा ने एनगारवा को बोल्ड करके इवान्स के साथ उनकी साझेदारी का अंत किया. उन्होंने 42 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और एक छक्का मारा. अक्षर ने विक्टर नयाउची (8) को स्लिप में गिल के हाथों कैच कराके जिम्बाब्वे की पारी का अंत किया. (एजेंसी से इनपुट)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Deepak chahar, Hindi Cricket News, India vs Zimbabwe, Shikhar dhawan, Shubman gill
FIRST PUBLISHED : August 18, 2022, 18:40 IST
